नांगलसोती/नजीबाबाद। गांव गोपालपुर किसान शकील, मुश्ताक, रईस अहमद बुधवार की तड़के भैंसा बुग्गी में गन्ना लाद कर उत्तम शुगर मिल बरकातपुर ले जा रहे थे। नांगल-चंदक मार्ग पर गांव कामराजपुर और चंदोक के बीच शुगर मिल से आ रहा ट्रैक्टर की उनकी भैंसा बुग्गी में टक्कर हो गई। इसमें आगे-पीछे आ रही तीनों बुग्गियां भिड़ गईं। घटना में किसान शकील गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके भैंसें की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची नांगल पुलिस ने घायल किसान शकील को बिजनौर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से आक्रोशित किसानों शाहाबुद्दीन, शहजाद, इस्लाम अली, इस्लामुद्दीन, मो. गुलाब, वाजिद, इलियास, इस्लामुद्दीन आदि ने नांगल-चंदक मार्ग पर जाम लगा दिया। नांगल थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार, एसआई राजीव पुलिसबल के साथ घटना स्थल पहुंचे और प्रदर्शनकारी किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन प्रदर्शनकारी किसान आरोपी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे। थानाध्यक्ष के ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया।