कांजी हाउस के स्थान पर विकसित होगा गो संरक्षण केंद्र
नजीबाबाद। भागूवाला क्षेत्र के आवारा पशुओं को जल्द आसरा मिलेगा। जिला पंचायत ने कांजी हाउस को गो संरक्षण केंद्र बनाने की कवायद शुरू कर दी है।
भागूवाला क्षेत्र में भागूवाला-नांगलसोती मार्ग पर कांजी हाउस स्थित है। करीब एक दशक से कांजी हाउस बदहाल स्थिति में है। जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप के नेतृत्व में जिला पंचायत ने कांजी हाउस को गो संरक्षण केंद्र बनाने का निर्णय लिया है। जेई नवनीत के निर्देशन में कांजी हाउस पर मरम्मत का कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय नागरिकों में गोशाला वितरित होने की उम्मीद जगी है। करीब 500 वर्ग मीटर क्षेत्र के कांजी हाउस में दो कक्ष आज भी क्षतिग्रस्त हैं। ग्रामीणों व किसानों का कहना है कि क्षेत्र में गो संरक्षण केंद्र बनने से आवारा पशुओं से निजात मिलेगी। जेई नवनीत कुमार ने बताया कि जिला पंचायत ने गो संरक्षण केंद्र के लिए अभी अल्प बजट में अस्थायी रूप से विकसित करने का निर्णय लिया है।