सट्टा बंद होने पर गुस्साए किसानों ने किया हंगामा
हल्दौर। किसानों ने सट्टा बंद करने को लेकर गन्ना समिति कार्यालय के सामने जमकर हंगामा किया। बाद में सचिव ने भड़के किसानों को शांत किया।
गन्ना समिति कार्यालय के अंतर्गत धामपुर, चांदपुर, बिलाई, बिजनौर समेत चार चीनी मिले हैं। इन मिलों के क्षेत्र में करीब दस हजार किसान हैं। गन्ना विभाग ने सट्टे में फर्जीवाड़ा समाप्त करने को लेकर करीब एक माह पूर्व किसानों के भू अभिलेख समिति कार्यालय में जमा कराए थे। समिति अधिकारियों ने किसानों से प्राप्त भू अभिलेख को ऑनलाइन फिडिंग कर इन का सत्यापन किया। बिलाई चीनी मिल चालू हो गई, लेकिन कुछ किसानों के भू-अभिलेख समिति कार्यालय में जमा न होने पर उनके सट्टे बंद कर दिए गए। ऐसे किसानों को गन्ने की पर्ची प्राप्त नहीं हो सकी। समिति स्टाफ के अनुसार क्षेत्र में करीब 1500 किसानों के भू-अभिलेखों की आनलाइन जांच में खामियां पाने पर उनके सट्टे बंद किए गए। शनिवार की दोपहर जयप्रकाश सिंह, मनोज कुमार, नरेंद्र सिंह, धर्मवीर, मानवीर सिंह, राम सिंह, राम कुमार सिंह आदि किसान गन्ना समिति कार्यालय पहुंचे और उन्हें कार्यालय स्टाफ से मालूम करने पर सट्टे बंद होने की जानकारी मिली। आक्रोशित किसानों ने समिति कार्यालय के सामने जमकर हंगामा किया। किसानों का कहना है कि उन्होंने विभागीय उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सट्टे में फर्जीवाड़ा समाप्त कराने के लिए अपने भू-अभिलेख कार्यालय में जमा किए थे, लेकिन कार्यालय स्टाफ ने किसानों के मांगने के बावजूद भी रिसीविंग नहीं दी और उनके सट्टे बंद कर दिए गए। पर्ची न आने से किसान अपना गन्ना मिल पर डालने को लेकर परेशान है। बाद में समिति के सचिव ओमप्रकाश सिंह ने भड़के किसानों को उनके भू अभिलेख की पुन: जांच कर उनका सट्टा शुरू कराने का आश्वासन देकर शांत किया।