नालियों की सफाई की मांग
बिजनौर। नगर कल्याण समिति की बैठक में प्रतिभाओं को सम्मानित करने, गर्मी में नगर में शीतल जल प्याऊ लगवाने, नालियों की सफाई कराने, नगर में पौधारोपण कराने के प्रस्ताव पारित किए गए। बुधवार को हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि खाने को कभी भी बर्बाद नहीं करना चाहिए। भोजन को बर्बाद करने से बेहतर है किसी जरूरतमंद को दे दिया जाए। कहा कि नगर में जगह-जगह नालियां अटी हुई हैं। इन्हें साफ कराकर कीटनाशक दवाई का छिड़काव करने की आवश्यकता है। सभी सदस्यों और पदाधिकारियों से पर्यावरण प्रदूषण को दूर करने के लिए नगर में भ्रमण कर पौधा रोपण कराने की अपील की गई। अध्यक्ष राजुल चौधरी की अध्यक्षता, महासचिव अनीता चौधरी के संचालन में हुई बैठक में राजीव अग्रवाल, नीरा अग्रवाल, हसन अब्बास, सुमन चौधरी, संदीप भटनागर, अशोक निर्दोष, मीना बख्शी, सुमन शर्मा, गौरी शर्मा आदि मौजूद रहे।