280 स्वास्थ्यकर्मियों को लगा कोरोनारोधी टीका
धामपुर। धामपुर में प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कोरोनारोधी टीके लगाए गए। दोनों केंद्रों पर 375 कर्मियों का टीकाकरण होना था। लेकिन शाम तक 280 कर्मियों को ही टीके लगाए जा सके। पीएचसी पर सबसे पहला टीका आशा संगिनी को लगा। टीका लगवाने के बाद स्वास्थ्यकर्मियों को आधा घंटे तक चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया, उसके बाद उन्हें घर जाने की इजाजत दी गई। टीकाकरण का कार्य सवेरे नौ बजे से शुरू हो गया था, जो शाम के पांच बजे तक चला। किसी भी स्वास्थ्य कर्मचारी को टीका लगने के बाद परेशानी नहीं हुई। प्रभारी चिकित्सक डॉ. मनीषराज शर्मा ने लोगों से कोरोना महामारी के खात्मे के लिए नियमानुसार टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया।