बिजनौर। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा अर्थात सीटैट परीक्षा 2700 से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ दी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में हुई। परीक्षा नकलविहीन कराने के पुख्ता इंतजाम रहे। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा।
जिले में सी टैट परीक्षा के लिए बिजनौर मुख्यालय समेत नजीबाबाद, नगीना, चांदपुर तथा धामपुर में कुल 19 केंद्र थे। सीटेट परीक्षा प्राइमरी तथा अपर प्राइमरी स्तर की हुई। पहली पाली सुबह आठ बजे से थी जबकि दूसरी पाली दोपहर बाद दो बजे शुरू हुई। परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए केंद्रों पर अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था थी।
परीक्षा संयोजक सीबीएसई की जिला कार्डिनेटर तथा माडर्न पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डॉ. सीमा विश्वास के अनुसार पहली पाली में 10196 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिनमें 8732 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 1464 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 9656 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 8411 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 1245 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पाली में 2709 अभ्यर्थी ने परीक्षा छोड़ी। उधर केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा।
एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही यातायात पुलिस को जरूरी दिशा निर्देश दिए। जिनके क्रम में शहर के सभी चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात रही, परीक्षार्थियों की भीड़ को लेकर शहर में जाम नहीं लगने पाए इसके लिए प्रयास किए गए।