बिजनौर। जिले की धरा पर एक ही दिन में दो अलग अलग लोकसभा क्षेत्र में सियासी धुरंधरों ने तरकस से सियासी तीर चलाए। दोनों की चुनावी सभा में महज 39 किलोमीटर की दूरी रही। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 23 मिनट के भाषण में सपा के साथ सहयोगी कांग्रेस को घेरा। उधर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 35 मिनट के भाषण में भाजपा पर हमलावर रहे।
शनिवार को सपा सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नहटौर में ही नहीं बल्कि जिले में भी पहली जनसभा रही। नगीना लोकसभा क्षेत्र से सपा उम्मीदवार मनोज कुमार के समर्थन में रैली करने आए अखिलेश यादव ने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है। नौकरी नहीं मिलने से हताश एक नौजवान ने अपनी डिग्री जला दी और आत्महत्या कर ली। रोजगार नहीं मिलने की कहानी सिर्फ एक की नहीं बल्कि लाखों युवाओं की है। कहा कि प्रदेश में ऐसी स्थिति हो गई है कोई भी परीक्षा हो, पेपर लीक हो जाएगा। अभी तक हुई परीक्षा के सभी पेपर लीक हो गए हैं सरकार जानबूझकर पेपर लीक कर रही है। अगर सरकार सावधान होती तो पेपर लीक न होते। पेपर लीक होने की वजह से परीक्षाएं निरस्त हो गईं।
- किसान और नौजवान वोट करे तो नहीं बचेगी भाजपा सरकार
कहा कि परीक्षा लीक होने से प्रभावित 60 लाख नौजवान और उनके परिवार के दो-दो सदस्यों को मिलाकर एक करोड़ 80 लाख लोग बैठते हैं अगर इस आंकड़े को 80 लोकसभा सीटों पर भाग दे दिया जाए तो हर संसदीय क्षेत्र में बीजेपी का 2 लाख वोट कम हो जाएगा। किसानों का भी बेरोजगारों जैसा ही हाल है किसानों ने लाठी खाकर भी आंदोलन किया करीब 1000 लोगों की जान दिल्ली में हुए किसान आंदोलन में चली गई। अगर किसान और नौजवान मिलकर इनके खिलाफ वोट कर दे तो सरकार बचेगी नहीं।
- साजिश करने वाली पार्टी है भाजपा
भाजपा के चार सौ पार वाले नारे पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव बोले कि अगर 400 पार से सरकार बना रहे हैं तो दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और झारखंड के मुख्यमंत्री को जेल क्यों भेजना पड़ रहा है। बीजेपी साजिश करने वाली पार्टी है।
- ईडी और सीबीआई का सहारा लेकर करती है चंदा वसूली
भारत में बीजेपी को सबसे ज्यादा चंदा मिला है जोकि ईडी और सीबीआई का सहारा लेकर चंदा नहीं वसूली करने का काम करती है। दस हजार करोड़ का चंदा वसूल किया है बीजेपी ने, बाजार में यह महंगाई बीजेपी की चंदा वसूली की वजह से है, जिसे इन्होंने चंदा लिया उन्हें खुली छूट दे दी। बोले कि इलेक्टरल बॉन्ड का कैसे पैसा पहुंच गया बीजेपी के पास, ये अरविंद केजरीवाल और अन्य लोगों पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। झूठा केस लगाकर लोगों को जेल भेजा जा रहा है। बाजार में महंगाई भाजपा की चंदा वसूली की।
- दलों को बड़ा लालच देकर तोड़ा गया गठबंधन
गठबंधन पर अखिलेश यादव ने कहा कि लालच देकर गठबंधन तोड़ने का काम किया गया केवल विधायकों को ही नहीं बड़े-बड़े दलों को लालच देकर तोड़ा गया है। राज्यसभा चुनाव पर बोलते हुए कहा कि हमारे विधायकों को लालच देकर तोड़ा गया है। हमारे जो विधायक गए हैं उन्हें दिल्ली से सिक्योरिटी मिली है। यूपी से तो मिली ही है। लेकिन दिल्ली से पैकेज में सिक्योरिटी मिली है। दिल्ली वाले सिक्योरिटी देने में उस्ताद हैं। सिक्योरिटी इसलिए दे रहे हैं ताकि चुनाव में लाभ ले सकें।
- इंंडिया गठबंधन से घबराकर बोल रहे इंडी
कहा कि इस बार किसान, नौजवान और मुसलमान भाजपा को हटाने का काम करेंगे।
बीजेपी के लोग इंडिया गठबंधन को इंडी बोलते हैं उन्हें अंग्रेजी नहीं पता है अगर अंग्रेजी पता है तो वह इंडिया गठबंधन से घबराए हुए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार के एक नेता ने इंडिया गठबंधन छोड़ा था उसी रात समाजवादी पार्टी ने फैसला लिया कि ज्यादा सीट देकर गठबंधन को बचाएंगे। कहा कि कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी को ही मिलकर संविधान और लोकतंत्र बचाना है।
- 22 की बेइमानी का बदला 24 में वोट से देना है
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि सीमा सुरक्षित नहीं रहेंगी। वहीं नगीना से लोकसभा उम्मीदवार मनोज कुमार के लिए उन्होंने कहा कि जज की नौकरी छोड़कर आप की अदालत में आने का काम किया है।
- जनसभा में ये रहे मौजूद
मंच पर विधायक तसलीम अहमद, विधायक स्वामी ओमवेश, पूर्व विधायक हाजी नईमुल हसन, पूर्व सांसद यशवीर सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, शेरबाज पठान, शेख सुलेमान कपिल गुर्जर, पूर्व मंत्री ओमवती, हेनरीता राजीव सिंह, जावेद आब्दी, अरशद जैदी, हाजी फैसल आदि रहे। संचालन विधायक मनोज पारस और प्रवक्ता अखलाक पप्पू ने संयुक्त रूप से किया।