गुलदार के हमले से किसान गंभीर, ग्रामीणों में दहशत
धामपुर। गांव भूरापुर में खेत में काम करने गए 25 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र धीर सिंह के खेतों में छिपे गुलदार ने हमलाकर जख्मी कर दिया। अरुण के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान बचाव के लिए घटनास्थल की ओर शोर मचाते हुए दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख गुलदार अरुण को वहीं पर छोड़ जंगल की ओर भाग गया। लोगों ने जख्मी अरुण को जंगल से उठाकर धामपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार को भर्ती कराया। उपचार के बाद डाक्टरों ने अरुण को घर वापस भेज दिया है। गुलदार के हमले से ग्रामीणो में दहशत है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को देकर गुलदार को पकड़वाकर वनों में छुड़वाने की मांग की है। हादसा सोमवार को दोपहर के समय का है।