बिजनौर। यूपी बोर्ड की कांपी जंचने के लिए दूसरे दिन भी मूल्यांकन केंद्रों पर नहीं आई। परीक्षक कांपी आने का इंतजार करते रहे। शाम तक इंतजार करने के बाद घरों को लौट गए। दूसरे दिन 1049 परीक्षक कांपी जांचने नहीं आए। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने उप नियंत्रकों से बोर्ड के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। यूपी बोर्ड की दसवीं तथा बारहवीं की कांपी जांचने का शनिवार को दूसरा दिन था। दूसरे दिन भी मूल्यांकन केंद्रों पर कई विषयों की कांपी जंचने के लिए नहीं आई। परीक्षक शाम तक कापी आने की बाट जोहते रहे। परीक्षकों का कहना था कि वे दूर दराज क्षेत्र से आते हैं। मूल्यांकन केंद्रों पर दूसरे दिन 73 उपप्रधान व 976 सहायक परीक्षक कांपी जांचने नहीं आए। जीजीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर 19 उपप्रधान व 343 सहायक परीक्षक, जीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर नौ उपप्रधान, 166 सहायक परीक्षक, बीआईसी केंद्र पर 27 उप प्रधान व 326 सहायक परीक्षक, आरजेपी मूल्यांकन केंद्र पर 18 उपप्रधान व 141 सहायक परीक्षक अनुपस्थित रहे। अंग्रेजी, विज्ञान, गृह विज्ञान व संस्कृत विषयों में सबसे अधिक परीक्षक अनुपस्थित बताए गए हैं। जीजीआईसी केंद्र पर 10272, जीआईसी पर 5605, बीआईसी पर 4380 तथा आरजेपी केंद्र पर 5284 कांपी अर्थात कुल 25541 कांपी जंची हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने मूल्यांकन केंद्र को दौरा किया। उप नियंत्रकों से व्यवस्था की जानकारी ली। डीआईओएस ने हिदायत दी है की सुबह दस बजे के बाद मुख्य द्वार बंद कर दिया जाए। शाम पांच बजे गेट खोला जाए। हर मूल्यांकन केंद्र पर पर्याप्त पुलिस तैनात है।