गन्ना मूल्य भुगतान के आदेश दिए
बिजनौर। मंडलायुक्त यशवंत राव ने गन्ना भुगतान ने करने वाली चार चीनी मिलों के अधिकारियों को बैठक में कड़ी फटकार लगाई। हर हाल में 28 फरवरी तक भुगतान के आदेश दिए हैं। मंडलायुक्त ने मुरादाबाद कार्यालय में जिले के गन्ना भुगतान की समीक्षा की। किसान और चीनी मिल अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। किसानों ने मिलों के भुगतान न करने का मुद्दा उठाया। कहा कि बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल न तो पिछले साल का भुगतान कर रही हैं। और न इस साल का भुगतान किया है। वेव ग्रुप की ओर से गन्ना प्रबंधक राहुल चौधरी शामिल हुए। भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि वेव ग्रुप के लोग महीनों से यही रोना रो रहे हैं। मंडलायुक्त ने बिजनौर, चांदपुर, बिलाई व बरकातपुर मिल के अधिकारियों को 28 फरवरी तक भुगतान के सख्त निर्देश दिए। मिलें हर हाल में 28 फरवरी तक भुगतान करें। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि बुधवार को इस संबंध में डीएम ने भी बैठक बुलाई है। बैठक में रामौतार सिंह, सुनील प्रधान आदि रहे।