‘गांधी जी पर टिप्पणी पर हो मुकदमा दर्ज’
बिजनौर। जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले पर तीन कृत्रिम गोलियां मारकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाली हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय की कड़े शब्दों में निंदा की। इसे लेकर जिले के कांग्रेसियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिला कांग्रेस कार्यालय पर बैठक का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह ने कहा कि 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय ने महात्मा गांधी के पुतले को कृत्रिम गोलियां मारकर पुतले को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। ऐसा कर उन्होंने राष्ट्रपिता का अपमान किया है। इसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पूर्व एमएलसी नसीब पठान ने कहा कि महात्मा गांधी को अपमानित करने वालों देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की विचारधारा से प्रेरित होकर दुनिया ने महात्मा गांधी का लोहा माना है। लेकिन कुछ लोग उन्हें भारत में ही अपमानित करने से बाज नहीं आ रहे। इस अवसर पर हुमायूं बेग, विरेश राजपूत, शमीम अहमद, पूर्व विधायक सतीश कुमार गौतम, हरज्ञान, हुकम सिंह, चितवन शर्मा, गुलशन कुमार, तसलीम फैज, उमराव सिंह थौलिया, रामसिंह आदि रहे।