विद्युत कर्मचारी भी आंदोलन की राह पर
बिजनौर। विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन ने कर्मचारियों की मांगों को अविलंब पूरा करने की मांग की है। कर्मचारियों की 11 सूत्री मांग पत्र उप्र पावर कार्पोरेशन के चेयरमैन को भेजा है। संगठन के मंडल अध्यक्ष डीसी शर्मा ने बताया कि मांग पत्र में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को तृतीय संबद्ध वेतनमान उपलब्ध कराने, वर्ष 2000 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को भी पेंशन का लाभ दिलाने, कार्यालय सहायक तृतीय एवं कार्यालय सहायक द्वितीय दोनों पदों का विलय करने, समिति के अनुसार कर्मचारियों के पद नाम परिवर्तित करने, छठे वेतन आयोग की रिपोर्ट को पूरी तरह लागू कराने, चतुर्थ श्रेणी तृतीय श्रेणी वर्ग में 40 प्रतिशत विभागीय कोटानुसार पदोन्नति दिलाने, प्रशासनिक अधिकारी के वेतनमान को समतुल्य पद अधिशासी अभियंता के वेतनमान अनुसार सामतुल्य करने, संविदा कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि मांग पूरी न होने पर 12 सितंबर तक जन प्रतिनिधियों को मांग पत्र सौंपे जाएंगे। 18 सितंबर को क्षेत्रीय अंचलों पर संगठन कार्यकर्ता व पदाधिकारी 24 घंटे धरने पर बैठेंगे। चार अक्टूबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।