शिक्षक संघ का अधिवेशन आज, तैयारी पूरी
बिजनौर। उप्र जूनियर हाई स्कूल की जिला इकाई के त्रिवार्षिक अधिवेशन की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार यादव व जिला मंत्री दुष्यंत कुमार ने बताया कि अधिवेशन 25 व 26 फरवरी को के डी पब्लिक स्कूल मोरना में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि 25 मार्च को दोपहर 12 से दो बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। तीन से चार बजे तक नाम वापसी होगी। आवश्यकता पड़ने पर 26 फरवरी को पूर्वाह्न 10 से दो बजे तक मतदान कराया जाएगा। जिला मंत्री दुष्यंत कुमार ने जिले के शिक्षकों से अधिवेशन में प्रतिभाग करने को कहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षक हितों की लड़ाई को मजबूती से लड़ने के लिए संगठन को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में प्रांतीय अध्यक्ष व महामंत्री भी मौजूद रहेंगे। अधिवेशन में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों का बीएसए महेश चंद्र ने दो दिन का विशेष अवकाश घोषित किया है।