धामपुर। भाजपा विधायक अशोक राणा ने बाढ़ नियंत्रण योजना के लिए बजट जारी न होने के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के सामने रखा गया है। मंत्री को बताया गया है कि बिजनौर जिला बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील है। जब पहाड़ों में भयंकर बारिश होती है तो यहां पर गंगा, रामगंगा, गागन, कडूला और खो नदी में बाढ़ आने से लोगों की जानमाल की हानि होती है। यह भी बताया कि पिछले साल खो में आई भयंकर बाढ़ से गांव कोपा, धुराड़ा सहित कई गांवों का संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गया था। सिंचाई विभाग की ओर से मार्ग पर जो काम कराया गया है, वह घटिया किस्म का है। यदि खो में फिर से बाढ़ आ गई तो यह मार्ग पानी में बह जाएगा। विधायक ने बताया कि मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जल्द ही बाढ़ नियंत्रण योजना के लिए बजट का आवंटन कराया जाएगा।