नगीना। बुधवार को बुंदकी शुगर मिल के नारंगी चक, नैनपुरा सराय, कालाखेड़ी, फतेहपुर, जीतपुर समेत कई गन्ना केन्द्रों की तौल बंद होने से किसानों में आक्रोश फैल गया। किसान क्रय केन्द्रों पर शोर शराबा करते हुए तोल कराने की मांग करते रहे लेकिन किसी भी अधिकारी ने उनकी बात नहीं सुनी। बाद में नारंगी चक समेत कई गांव के किसान भूपेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, संजय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अमित कुमार, अमर सिंह आदि गन्ना सचिव धर्मेंद्र सिंह से मिले और तौल कराने की मांग की। सचिव ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के किसान किसी बात से घबराए नहीं जब तक किसान के खेत में गन्ना रहेगा तब तक फ्री पर्ची के आधार पर तौल कराई जाएगी। इसके बाद ही गन्ना क्रय केन्द्र बंद करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी केन्द्रों पर तौल शुरू करा दी गई है।