डीएम ने किया मिशन इंद्रधनुष का शुभारंभ
बिजनौर। डीएम जगतराज ने सघन मिशन इंद्रधनुष सप्ताह के अंतर्गत एक बूथ का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने शून्य से दो साल तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं से टीकाकरण कराने का आह्वान किया। भारत में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलने वाले नियमित टीकाकरण कार्यक्रम मेें छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण करने के लिए सात दिसंबर से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया गया। यह अभियान अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में शुरू हुआ था। बृहस्पतिवार को डीएम जगतराज ने गांव स्वाहेड़ी में फीता काटकर एक बूथ का शुभारंभ किया। डीएम जगतराज ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद को 19 यूनिटों में बांटा गया है। इसके लिए 19 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। डीएम ने अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने वाले अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अभियान में पूर्ण सहयोग देने को कहा है। अभियान के अंतर्गत पेंटा (डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेश, हैपेटाइटिस बी, हिमो इंफिलंजा) मिजेलेश, पोलियो, खसरा का टीकाकरण किया जाएगा। कार्यक्रम में एसडीएम सत्येंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल, डीएमओ ब्रजभूषण, एसीएमओ बीएस रावत मौजूद रहे।