-शुक्रवार तक चलेगा अभियान, रोज होगा टीकाकरण
-टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक कर रहा स्वास्थ्य विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों को टीका लगाने के लिए विशेष टीकाकरण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। जिसमें जन्म से पांच साल तक के बच्चों को टीका लगाया जा रहा है। नौ जनवरी से अब तक 20846 बच्चों का नियमित टीकाकरण हुआ है। यह पखवाड़ा 20 जनवरी तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग लोगों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक कर रहा है।
जनवरी में चल रहे विशेष अभियान के तहत 58996 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। इसमें से 20846 बच्चों का टीकाकरण हो गया है। नियमित टीकाकरण के लिए नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार से रविवार तक सत्र संचालित हो रहे हैं। विशेष टीकाकरण पखवाड़े में 11 तरह की जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए टीका लगाया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि इसके बाद फरवरी में 13 से 24 और मार्च में 13 से 24 तारीख तक पखवाड़ा चलेगा। इसमें ऐसे बच्चों को चिन्हित कर टीकाकरण किया जाएगा, जिन्हें अभी तक कोई भी टीका नहीं लगा है। जनवरी में 908 परिवारों ने बच्चों का नियमित टीकाकरण नहीं करवाया। इस माह 367 बच्चों के नियमित टीकाकरण का लक्ष्य मिला था, इनमें से 181 का टीकाकरण हो चुका है।
डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बच्चों को वर्तमान में विटामिन ए की खुराक देने का काम भी चल रहा है। इस अभियान में मंडल में बिजनौर का सबसे बेहतर प्रदर्शन है। इसके अलावा अगर कहीं पर भी खसरा का कोई बच्चा मिलता है तो वहां नौ माह से पांच वर्ष के सभी बच्चों को खसरा टीके की अतिरिक्त डोज दी जाएगी।