धामपुर। रामगोपाल रामचंद्र सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। छात्र हाथों में स्लोगन-पट्टिकाएं लेकर भारत माता का जयघोष करते हुए चल रहे थे। पट्टिकाओं पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत, समृद्ध भारत, ऊर्जा संरक्षण के लिए बिजली बचाओ, पौधरोपण करो, पर्यावरण की रक्षा करो, जल का संरक्षण करो और चलो गांव की ओर आदि स्लोगन लिखे थे। छात्र यहीं नारे लगाते हुए चल रहे थे। जागरूकता रैली का प्रारंभ प्रधानाचार्य चंद्र किशोर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस रैली का नेतृत्व विद्यालय के प्रतियोगिता विभाग के प्रमुख आचार्य रामजी पांडेय ने किया। विद्यालय के पुस्तकालय प्रमुख आचार्य नारायण हरि शर्मा, दयाशंकर दूबेे और सुनील कुमार रहे। विद्यालय से प्रारंभ होकर नगीना चौक होते हुए सुभाष चौक की ओर से शुगर मिल धामपुर पहुंची। छात्रों को शुगर मिल का भ्रमण कराया गया। छात्र शुगर मिल में पहुंचकर बहुत उत्साहित थे। इसके बाद वे ग्राम मोहड़ा के प्राइमरी स्कूल में पहुंचे। वहां उन्होंने गीत प्रेरक प्रसंग एकांकी नाटक आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रों का मन उत्साह से भरा हुआ था। कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।