बिजनौर। ऑटोमेटिक टिकट वेंडिग मशीन (एटीवीएम) से टिकट बनाने के नाम पर रेल यात्रियों के जेब पर डाका डाला जा रहा है। टिकट के निर्धारित मूल्य से 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त चार्ज वसूला जा रहा है। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर एटीवीएम आरक्षण टिकट काउंटर के पास लगाई गई थी। यह मशीन रेलवे अपने रिटायर्ड कर्मचारी के नाम पर जारी करता है। एटीवीएम से टिकट लेने के लिए यात्री को स्मार्ट कार्ड बनवाना होता है। निर्धारित शुल्क 50 रुपये जमा कर कार्ड जारी कर दिया जाता है। हर माह रिचार्ज कराने पर कार्डधारक को टिकट में कुछ छूट दी जाती है। करीब एक साल पहले एटीवीएम यह मशीन रिटायर्ड स्टेशन मास्टर योगेश कुमार के नाम आवंटित की गई थी। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर एटीवीएम पर टिकट का मूल्य अतिरिक्त वसूला जा रहा है। इस बात को लेकर विनोद कुमार, सुरेशचंद ने स्टेशन मास्टर से मिलकर इस मामले की शिकायत की। मगर, कोई सुनवाई नहीं हुई। यात्रियों ने इस व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की है। स्टेशन अधीक्षक अरविंद कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। और जहां तक चार्ज अधिक वसूलने वाली बात है तो वे मामले की जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।