अमरोहा। दस अगस्त को राष्ट्रीय कृमि दिवस पर बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवाई देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। सभी तैयारियां मुकम्मल की जा चुकी हैं। स्वास्थ्य कर्मियों सहित शिक्षा विभाग के सहयोग चलाए जाने वाले कार्यक्रम में दवाई देने से कोई भी बच्चा न छूटे इस पर विशेष फोकस किया जाएगा। पेट के कीड़े मारने की दवाई देने के लिए जिलेभर में छह लाख 90 हजार 141 बच्चों को चिन्हित भी किया जा चुका है। जिलेभर के 214 मदरसे, 32 सहायता प्राप्त और 359 निजी इंटर कालेज में बच्चों को दवाई दी जाएगी। इसके अलावा 1800 जूनियर और प्राथमिक विद्यालयों सहित 1431 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दवाई दी जाएगी। जानकारी देते हुए जिला प्रोग्राम मैनेजर मुकर्रब हुसैन ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों और शिक्षा विभाग के सहयोग से कार्यक्रम को मूर्त रूप दिया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।