सभी कराएं अपने बच्चों का टीकाकरण : काजी
बिजनौर। शहर काजी मोहम्मद ताहिर अली ने जिलेवासियों से अपने बच्चों का खसरा और रुबेला टीकाकरण कराने की अपील की है।
एक बयान में शहर काजी ताहिर अली ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले भर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 26 नवंबर 2018 से खसरा और रुबेला नामक जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए नौ माह से 15 साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण को लेकर कुछ लोगों में तरह तरह की भ्रांतियां हैं। काजी ने बताया कि कुछ लोग इसके बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं, लेकिन ऐसा करना गलत है। उन्होंने बताया कि बच्चे हमारे मुल्क का भविष्य हैं। इसलिए कोई भी अभिभावक टीकाकरण का विरोध न करे। यह टीकारण बेहद सुरक्षित है और बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाती है। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों का टीकाकरण होगा तो आने वाली पीढ़ी को भी सुरक्षित रखेगी। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं ताकि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखा जा सके। काजी ने बताया कि अब तक जिले में 14 लाख में 12 लाख बच्चों का टीकाकरण हो चुका है।