धामपुर। एसडीएम कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने तहसील के सभी थानों के प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वह 25 नवंबर के मद्देनजर पूरी तरह से अलर्ट रहे। शांति व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए। क्षेत्र में धारा 144 लागू है। बताया कि 25 नवंबर शिवसेना प्रमुख उद्वव ठाकरे का अयोध्या में राम मंदिर के मामले में सभा का आयोजन है। इस सभा में शिवसैनिकों का अयोध्या कूच का आह्वान किया गया है। कार्यकर्ता ऐसे में बड़ी संख्या में कूच करेंगे। कहीं पर किसी भी प्रकार की अराजकता नहीं होनी चाहिए। जो ऐसा करने का प्रयास करें, उस पर कार्रवाई करें। सीओ महावीर सिंह ने कहा कि उनके स्तर से भी पुलिस को अलर्ट कर दिया है। गश्त में तेजी लाने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने लोगों से भी शांति व्यवस्था को बनाए रखने में अपेक्षित सहयोग मांगा है।