भूसे से लदा ट्रक पलटा, चालक क्लीनर घायल
हल्दौर। पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर से एक ट्रक भूसा लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। जब ट्रक शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पैजनियां के एक स्कूल के निकट पहुंचा तो एक अन्य ट्रक को ओवरटेक करते समय ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें संभल क्षेत्र के गांव दीपा सराय निवासी चालक मोहम्मद हबीब, मुरादाबाद क्षेत्र के गांव ललवारा निवासी क्लीनर आसिफ घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों का निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया। गांव बिसाठ, अम्हेड़ा, पैजनियां और खासपुरा के ग्रामीणों का कहना है कि नूरपुर-बिजनौर हाइवे के चौड़ीकरण के लिए जगह-जगह खुदाई की गई है। चौड़ीकरण का कार्य धीमी गति से चल रहा है। इससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।