45 क्रय केंद्रों पर गेहूं बेच सकेंगे किसान
बिजनौर। रबी विपणन वर्ष 2019-20 में न्यूनतम मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत किसानों की गेहूं खरीद के लिए 45 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी घनश्याम के अनुसार के अनुसार खाद्य विभाग के छह, पीसीएफ के 27, यूपी एग्रो के दो, एसएफसी के पांच सहित 45 केंद्र खोले गए हैं। शासन द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1840 रुपये निर्धारित किया गया है। केंद्र पर गेहूं उतराई, छनाई, सफाई की मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसान को देना होगा। इसका भुगतान किसान के खाते में गेहूं मूल्य सहित 1860 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया जाएगा। गेहूं खरीद योजना एक अप्रैल से 15 जून तक चलेगी। क्रय केंद्र सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक खुलेंगे। गेहूं खरीद नीति के अंतर्गत किसानों का पंजीयन खाद्य विभाग की वेबसाइट पर होना अनिवार्य है। इसमें किसान का बैंक खाता, खतौनी, पहचान प्रमाणपत्र, मोबाइल नंबर, आधार कार्ड व खसरा नंबर का उल्लेख होगा। जिन किसानों ने 2018-19 में धान खरीद के लिए पंजीयन कराया था, उन्हें दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है, लेकिन ऐसे किसानों को पंजीयन प्रपत्र में यथा आवश्यक संशोधन करते हुए रकबे में अपने हिस्से व हिस्से में बोए गए गेहूं के रकबे की घोषणा करते हुए पंजीयन प्रपत्र को लॉक कराना होगा। कोई शिकायत होने पर एडीएम प्रशासन को 9454416895, जिला खाद्य विपणन अधिकारी को 7905132944 या कंट्रोल रूम पर 8433296781 नंबर पर सूचना दी जा सकती है।