कादराबाद। गांव केसरीपुर निवासी जुगराज सिंह पर शनिवार को हुए गुलदार के हमले से आक्रोशित गांववासियों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। गांववासियों ने बताया कि गुलदार के भय से किसानों ने खेतों पर जाना छोड़ दिया है। गुलदार कई लोगों को हमला कर नुकसान पहुंचा चुका है। गुलदार के भय की वजह से किसानों के खेती के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महिलाएं खेतों पर जाने से कतरा रही हैं। घरों में पशु भूखे प्यासे खड़े हैं। गन्ने की छिलाई नहीं हो पा रही है। शनिवार को भी खेेत में घुसे गुलदार ने किसान को हमला कर लहूलुुहान कर दिया। शोर मचाने पर पहुंचे गांववासियों ने किसान को बमुश्किल गुलदार के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर हालत में किसान को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। किसान की हालत नाजुक बनी है। आरोप है कि वन विभाग सूूचना देने के बाद भी गुलदार को पकड़ने की पहल नहीं कर रहा है। ग्रामीणोें ने चेताया यदि जल्द ही गुलदार को पकड़ा नहीं गया तो रेंजर का घेराव होगा। उधर, वन विभाग के डिप्टी रेंजर श्यामलाल का कहना है कि टीम बनाकर घटनास्थल का निरीक्षण करने भेजा गया है। जल्द गुलदार पकड़ने को पिंजरा लगाया जाएगा।