क्रय केंद्र पर मिली तीन प्रतिशत की घटतौली
हल्दौर। गांव धर्मू पोटा ए में चांदपुर चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र संचालित है। इस गन्ना क्रय केंद्र पर मामराज तोल लिपिक के पद पर कार्यरत है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार सुबह जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह उक्त कांटे पर जांच करने पहुंचे। जिला गन्ना अधिकारी सबसे पहले गांव में ही स्थित धामपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र बी पर पहुंचे। जिला गन्ना अधिकारी के पहुंचने की भनक लगने पर उक्त गन्ना क्रय केंद्र का तोल लिपिक मौके से फरार हो गया। इसके बाद जिला गन्ना अधिकारी गांव में ही स्थित चांदपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कांटे पर अपनी गाड़ी का वजन कराया जिसके भार में करीब तीन प्रतिशत घटतौली पाई। जिला गन्ना अधिकारी की इस कार्रवाई से गन्ना कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि घटतौली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।