चांदपुर। सफाई कर्मचारियों ने पांच सूत्री मांगों को लेकर नगर पालिका परिसर में चल रहा धरना दूसरे दिन अधिशासी अधिकारी के आश्वासन पर समाप्त कर दिया। उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर बुधवार से सफाई व्यवस्था बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। सफाई कर्मचारियों ने सातवें वेतन के एरियर का भुगतान करने, सफाई कर्मचारियों को पांच ठंडी व गर्म वर्दी का वितरण, संविदा सफाई कर्मचारियों के दो प्रतिशत एरियर का भुगतान, ठेका कर्मचारियों का दो माह का वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन का भुगतान शीघ्र करने आदि की मांग की थी। धरने के दूसरे दिन अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह के आश्वासन पर सफाई कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने पर मुकेश कुमार, राजाराम मदान, राजेंद्र कुमार, दीपक कुमार, रवि कुमार मदान, प्रवेश मदान, अजय कुमार सूद, मोहम्मद फहाद, खुर्शीद, नाजिर, शरीफ, महबूब अहमद आदि मौजूद रहे।