हसनपुर। तहसील के मोहल्ला कायस्थान में पत्थर वाली मस्जिद से आखून चौक को जाने वाले रास्ते पर महीनों से झूलते एचटी लाइन के जर्जर तार हादसों को दावत दे रहे हैं। बिजली विभाग की उदासीनता के चलते कई लोग तारों के संपर्क में आकर झुलस चुके हैं। मोहल्ले के लोगों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की है। लेकिन समस्या का समाधान तो दूर आज तक रास्ते पर लगे गिराऊ पोल को भी नहीं लगवाया गया है। इससे मोहल्ले के लोगों में विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोष है। गुरुवार को मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर तारों को ऊंचा करने व पोल को बदलने की मांग की।