चांदपुर। ऑल इंडिया मुस्लिम लॉ पर्सनल बोर्ड के उपाध्यक्ष डा. कल्बे सादिक ने कहा कि वे देश की तरक्की के लिए काम करने वाली सरकार के साथ हैं।
गांव गोयली सादात में रिटायर्ड कानूनगो शाहिद हुसैन की वर्षी पर मजलिस को पहुंचे धर्मगुरु डा. कल्बे सादिक ने रिजवान हैदर के मकान पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि देश में पहले राजनैतिक सरकार हुआ करती थी। अब धार्मिक सरकार है। देश में भ्रष्टाचार, अज्ञानता व गरीबी एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की अशिक्षा दूर कर उन्हें शिक्षित बनाना है तभी देश की तरक्की होगी। देश की समस्याओं के समाधान करने वाली सरकार के हमेशा साथ रहेंगे। उन्होंने किसी भी धर्म पर बात न करते हुए केवल देश के लिए बात करने को कहा। प्रेसवार्ता से पूर्व वरिष्ठ सिया धर्मगुरू मौलाना डा. कल्वे सादिक ने गांव इमामबाड़े में आयोजित मजलिस में कहा कि दुनिया में इल्म से बड़ी कोई दौलत नहीं है। जो शख्स इसे हासिल नहीं कर पाता ,उससे बड़ा गरीब दुनिया में कोई नहीं है। इल्म ऐसी चीज है जो आपको न सिर्फ पूरी दुनिया में पहचान देती है बल्कि आपको समाज में इज्जत देने का काम भी करती है। इल्म से दौलत तो हासिल हो सकती है लेकिन दौलत से इल्म हासिल नहीं हो सकता। उन्होंने शिक्षा पर जोर डालते हुए कहा कि आज असली जेहाद शिक्षा को बढ़ावा देना है क्योंकि जो समाज शिक्षित नहीं होगा वह कभी तरक्की नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि समाज में यदि किसी से लड़ाई लड़नी है तो बुराई, अशिक्षा, भेदभाव से लड़े । इससे हम अच्छे नागरिक बन सके और हमारा मुल्क तरक्की करे। उन्होंने कहा कि इस्लाम को समझने के लिए इल्म की आवश्यकता है न कि इबादत की। इसमें वजीर हैदर, डा.अता हुसैन, सरदार हुसैन, गमखार रिजवी,कमर अब्बास, मोहम्मद अब्बास, एजाज अली, रिजवान हैदर, मौलाना नईम हैदर आदि रहे।