नींदडू। डीएम को प्रेषित पत्र में मोहम्मद आफाक उर्फ बाबू, अच्छन, शराफत अली, राहत अली, नफीस अहमद, मोहम्मद सलमान, उस्मान, फैजान, मोहम्मद असलम, जफर कुरैशी, नूर मोहम्मद तथा नसीम अहमद का कहना है कि नींदडू़ खास में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। अधिकारियों को भ्रमित कर पंचायत को फर्जी ओडीएफ घोषित कर वाहवाही लूटी गई है। छह सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं। कूड़ा उठाने के लिए पंचायत का अपना ट्रैक्टर व ट्राली है। साफ-सफाई और स्वच्छता के नाम पर सप्ताह में बुधवार व रविवार को लगने वाले बाजारों की हर वर्ष नीलामी की जाती है। इस सब के बावजूद सफाई कर्मचारी कई महीने तक मोहल्लों में नहीं आते। जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। प्राथमिक विद्यालय, बुधबाजार, कसीर चौक, मस्जिद पीर फतेह अली शाह होते हुए सादात मोहल्ले को जाने वाले मुख्य मार्ग की सफाई नहीं होने से नालियां पॉलिथीन व कीचड़ से अट गई हैं।क ई स्थान पर पानी रास्ते में बह रहा है। कूड़े के ढेर से दुर्गंध उठने के कारण रोग फैलने की आशंका है। डीएम से टीम भेजकर मौका मुआयना कराने की मांग की है। उधर, प्रधान रेशमा मुदस्सर ने उन पर लगाए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पंचायत में केवल दो सफाई कर्मचारी हैं। अगस्त में तीनों पंचायतों के सफाई कर्मचारियों को एक साथ रखकर हर पंचायत में सफाई कराई गई है।