गन्ना क्रय केंद्र पर होने लगी घटतौली
राजा का ताजपुर। गन्ना क्रय केंद्र ताजपुर के तौल लिपिक पर घटतौली का आरोप लगाते हुए किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। राजा का ताजपुर निवासी किसान सत्यव्रत त्यागी ने जिला गन्ना अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि राजा का ताजपुर में चल रहे गन्ना क्रय केंद्र ताजपुर ए पर तौल लिपिक कृष्ण कुमार द्वारा तीन किलो गन्ना प्रति कुंटल की अतिरिक्त कटौती की जा रही है। तौल लिपिक इसको पर्ची पर भी अंकित नहीं कर रहा है। किसानों द्वारा इसका विरोध करने के बाद भी तौल लिपिक अपनी मनमानी कर रहा है। शिकायती पत्र में इस कटौती की जांच कर तौल लिपिक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। डीसीओ ओपी सिंह ने बताया कि जांच में इस तरह का मामला पाए जाने पर लिपिक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।