बिजनौर। नानी के खाते से धेवते ने 17 लाख रुपये निकाल लिए। रिटायर्ड नर्स के पेंशन खाते से निकाली गई रकम के मामले में मामा ने भांजे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी है। थाना नूरपुर में राजा का ताजपुर निवासी अजीत त्यागी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें कहा कि भांजा अनमोल त्यागी निवासी बेरा रोड स्याना बुलंदशहर का कुछ दिनों तक उनके घर पर रहा। इसी बीच उनकी मां के खाते से अलग-अलग समय में कुल 17 लाख रुपये निकाल लिए। रकम निकालने के लिए आरोपी ने अपनी नानी के सिम को अपने मोबाइल में डाला, इसके बाद यूपीआई और पिन आदि हासिल कर खाते से रकम निकाली। बताया गया कि आरोपी की नानी जब बैंक में पैसा निकालने के लिए पहुंची तो रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। जब उन्हें खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी से रुपये वापस करने को कहा। आरोपी ने तीन लाख रुपये देकर मामला निपटाने की बात कही हालांकि, बाद में उसने टालमटोल शुरू कर दी और बाकी रकम लौटाने को तैयार नहीं हुआ। मामले की विवेचना राजवीर सिंह को सौंपी गई है। सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच की जा रही है।