बिजनौर। गांव बरुकी निवासी सलोचना पत्नी रामकुमार ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका परिवार मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उसने पैसे जोड़कर गांव में ही स्थित एक व्यक्ति करीब 36 वर्ग मीटर जमीन 11 जून 2018 को तथा दूसरे व्यक्ति से आठ अगस्त 2018 को करीब 110 वर्ग मीटर जमीन बैनामे के साथ खरीदी थी। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने कानूनगो और लेखपाल से हमसाज होकर अवैध रूप से उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके परिवार के साथ बदसलूकी की। साथ ही धमकी दी कि इस मामले में उसने या परिवार के किसी सदस्य ने कोई बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की तो सरकारी कार्यों में बाधा डालने के आरोप में झूठे केस में जेल भिजवा देंगे। पीड़िता ने डीएम से मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।