बिजनौर। राजकीय कृषि निवेश भंडारों पर खरीफ फसल धान, मूंग, सोयाबीन का बीज आ चुका है। जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र के अनुसार उच्च उत्पादकता देने वाली धान की प्रजाति पंत-24, नरेंद्र-3112, सीआरएस-43 एवं बासमती-2 के प्रमाणित एवं आधारीय बीज उपलब्ध हैं। मोटा एवं मध्यम महीन धान की समस्त प्रजातियों के प्रमाणित बीजों की विक्रय दर 3300 रुपये प्रति क्विंटल एवं आधारीय बीजों की विक्रय दर 3520 रुपये प्रति क्विंटल, बासमती के प्रमाणित बीज की विक्रय दर 4530 प्रति क्विंटल तथा आधारीय बीज की विक्रय दर 4890 रुपये प्रति क्विंटल है। बीजों की खरीद पर अनुदान 1400 रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये किया गया है। दस वर्ष तक की अधिसूचित प्रजातियों के बीज की खरीद पर दो हजार रुपये का अनुदान या मूल्य के 50 प्रतिशत की छूट जो भी कम हो, किसान को दी जाएगी। दस वर्ष से अधिक अधिसूचित प्रजातियों पर अधिकतम एक हजार रुपये या मूल्य का 50 प्रतिशत, दलहन बीजों पर दस वर्ष तक की अधिसूचित प्रजातियों पर सात हजार अथवा मूल्य का 50 प्रतिशत, दस वर्ष से अधिक अधिसूचित प्रजातियों पर 4500 रुपये या मूल्य 50 प्रतिशत, तिलहन फसलों पर अनुदान की अधिकतम राशि 6500 रुपये या मूल्य का 50 प्रतिशत जो भी कम हो, दिया जाएगा। अनुदान की राशि डीबीटी के जरिए किसान के खाते में भेजी जाएगी।