नहटौर। शादी समारोह में शामिल होनेे के बाद पैदल घर लौट रहे व्यक्ति की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई।
गांव सिकंदरपुर निवासी महेन्द्र कुमार (55) गांव सेढ़ी में एक शादी समारोह में शामिल होने के गया था। वह बीती रात 12 बजे पैदल ही घर के लिए चला था। नहटौर धामपुर मार्ग पर गांव दुगरी पुलिया के पास सड़क किनारे उसका शव मिला। अंदेशा है कि किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महेंद्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि वह बाइक से शादी समारोह में शामिल होने के गया था। नशे की हालत में वह बाइक छोड़कर पैदल ही गांव की ओर चलने लगा। इसी दौरान वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। कोतवाल चंद्रकिरण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।