आरक्षण समाप्ति के लिए ज्ञापन सौंपा
नगीना। सर्व ब्राह्मण महासभा ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार नगीना देवेंद्र पांडेय को सौंप कर आरक्षण को समाप्त करने की मांग की है। सर्व ब्राह्मण महासभा के प्रदेश संगठन मंत्री प्रदीप कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता मंगलवार की दोपहर तहसील परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार देवेंद्र पांडेय को सौंपा। दिए ज्ञापन में कहा गया है कि देश आजाद होने पर समाज के दबे कुचले वर्ग को समाज की मुख्य धारा में लाने और उनका आर्थिक स्तर ऊंचा उठाने के उद्देश्य से आरक्षण का प्रावधान किया गया था। 10 वर्षों के लिए किए गए आरक्षण को लगातार चलाया जाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। भारत वर्ष से आरक्षण पूर्णत: समाप्त किया जाए या सर्व समाज को आर्थिक आधार पर आरक्षण का लाभ दिया जाए। ज्ञापन पर प्रदीप कुमार शर्मा, डॉ. संदीप शर्मा, सौरभ कौशिक, काकू पंडित, सचिन शर्मा, संजीव दत्त शर्मा आदि के हस्ताक्षर हैं।