जलीलपुर । जन समस्याओं के समाधान के लिए खानपुर बाजार में कालू टिकैत और गजंफर अली दूसरे दिन भी आमरण अनशन पर बैठे रहे।
पिछले नौ वर्षों से गंगा नदी पर हस्तिनापुर और गांव नारनौर के बीच निर्माणाधीन पुल को तुरंत बनवाने, कई वर्षों से बदहाल गांव सुल्तानपुर से गुजर रहे खानपुर- मीरापुर मार्ग का निर्माण कराने, गन्ना मूल्य चार सौ पचास रुपये क्विंटल कराने, बिजली की बढ़ी दरें कम कराने, छोईया नदी उर्फ काला बाहे के निकट बसे सभी गाँवों में शुद्ध पेयजल टंकी का निर्माण कराने आदि विभिन्न मांगों को लेकर क्षेत्र के लोग लंबे समय से शासन प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे है। समस्याओं का समाधान न होने पर सोमवार दोपहर में किसान नेता रवींद्र त्यागी उर्फ कालू टिकैत और गजंफर अली ने गांव में अपनी अर्थी व जनाजा निकालकर गांव खानपुर खादर के बाजार में अपनी कब्र खोदकर वहीं आमरण अनशन शुरू कर दिया जो दूसरे दिन भी जारी रहा। अनशन स्थल पर ग्रामीणों ने पहुंचना शुरू कर दिया। कालू टिकैत ने कहा जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा तब तक अनशन जारी रहेगा। अनशनकारियों के समर्थन में निखिल त्यागी, मनीराम, राम अवतार, यासीन, रमेश शर्मा, होरी सिंह, मुखराज सिंह, इतवारी खां आदि धरनारत रहे ।