हल्दौर। गांव पैजनियां में मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग पर जगरूप सिंह पाल का घर स्थित है। शुक्रवार रात करीब दो बजे उनका कुत्ता भौंकने लगा। जगरूप सिंह के अनुसार उनके घर की बिजली गुल पड़ी थी। उन्होंने टार्च जलाई तो घर के आंगन में तीन तमंचाधारी बदमाश खड़े दिखाई दिए। उन्होंने शोर मचा दिया तो बदमाश भाग गए। गांव वालों को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने भागते समय अपने बचाव में फायरिंग की और खेतों में फरार हो गए। गांव वालों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रात में ही गांव वालों के साथ बदमाशों की तलाश में खेतों में कांबिंग की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस को गृह स्वामी के घर के पास एक बाइक खड़ी मिली। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है। गृह स्वामी ने पैजनियां चौकी पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी है। चौकी प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।