मोहल्ला खातियान और बड़ी मंडी में सामने आए मामले
महाशिवरात्रि पर मुख्य बाजार से खरीदे थे कुट्टू के आटे के पैकेट
खाद्य विभाग की टीम ने भरे कुट्टू के आटे के सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे से बनीं पूड़ी और कचौड़ियों का सेवन करने के बाद मोहल्ला खातियान, बड़ी मंडी और गांव भटियाना खुशहालपुर में 16 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उलटी, दस्त, शरीर में कंपन आदि की दिक्कत होने पर निजी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। उधर, मामले की सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम ने कुट्टू के आटे के सैंपल लिए है।
मोहल्ला खातियान निवासी वीरेंद्र रस्तौगी ने बताया कि शिवरात्रि पर मुख्य बाजार स्थित एक दुकान से कुट्टू के आटे का पैकेट खरीदा था। कुट्टू के आटे की कचौडि़यों खाने से उसकी बड़ी बेटी खुशी, छोटी पुत्री वर्णिका और पुत्र केशव सहित परिवार से छह लोगों की तबीयत खराब हो गई।
बड़ी मंडी निवासी व्यापारी नेता मनोज धनौरिया ने बताया कि शुक्रवार रात उनके भाई राजीव अग्रवाल और भतीजे डॉक्टर पारस को भी उलटी, दस्त, चक्कर आने की शिकायत हुई तो नजदीकी चिकित्सक को दिखाया गया। इनके अलावा रिश्तेदार नवनीत, रामकृष्ण, रोहित, सौरभ, शुभम अग्रवाल आदि की हालत बिगड़ गई। इन सभी ने कुटटू के आटे की पूड़ी का सेवन किया था।
उधर, गांव भटियाना खुशहालपुर में भी कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से शिक्षक सुधीर चौहान, उनकी पत्नी मीनाक्षी और पिता कुंदन की भी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने तीनों को अस्पताल में उपचार दिलाया।
सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर शनिवार को खाद्य विभाग की टीम धामपुर पहुंची। खाद्य निरीक्षक योगदत्त आर्य का कहना है कि नगर में कई दुकानों से कुटटू के आटे के सैंपल लिए गए है। सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी।
ज्यादातर मरीजों में एक समान लक्षण मिले
वरिष्ठ चिकित्सक डा. आदित्य अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में करीब दर्जनभर से अधिक मरीज इन्हीं सब शिकायतों के आ चुके है। सभी को उलटी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर, शरीर में कंपन, कमजोरी की समस्या थी। किसी भी मरीज में कोई गंभीर समस्या नही देखने को मिली। सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।