पुलिस ने मिला पर्स लौटाकर मिसाल कायम की
नींदडू़। जामा मस्जिद मोहल्ले का मोहम्मद आदिल कस्सार (22) शुक्रवार की सायं बाइक द्वारा किसी कार्य से नहटौर गया था। रास्ते में हर्राढक्का और कशमीरी के बीच उसकी जेब में रखा पर्स गिर गया। नहटौर में पर्स न पाकर आदिल आश्चर्य में पड़ गया और किसी तरह कार्य को अंजाम देकर घर लौट आया। इसी बीच डायल 100 पुलिस की गाड़ी वहां से गुजरी और सड़क पर पड़ा पर्स देखकर रुक गई। पर्स में युवक का मतदाता पहचान पत्र और 8635 रुपये थे। गाड़ी संख्या यूपी 32 डी 6, 2456 थाना धामपुर के एसआई कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबिल राजेश कुमार, तथा चालक सोनू कुमार आईडी के आधार पर युवक को तलाश करते हुए देर सायं करीब साढ़े सात बजे नींदडू़ जामा मस्जिद मोहल्ले में मोहम्मद आदिल के घर पहुंचे तथा आदिल को बुलाया। आदिल के घर पुलिस आई देख लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने पहचान पत्र के फोटो से मिलान करते हुए उसे पर्स और रुपये लौटा दिए। ग्रामीणों ने पुलिस के इस ईमानदाराना कार्य की प्रशंसा की।