सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव डीएम को भेजा
अफजलगढ़। शेरगढ़ किसान सेवा सहकारी समिति के आधे से अधिक संचालकों ने सभापति के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी को भेजा है। अविश्वास प्रस्ताव पत्र में संचालकों ने आरोप लगाया कि सभापति भूपेंद्र सिंह समिति की विधियां एवं उपविधियों के विपरीत कार्य करने के आदी हो गए हैं। जिससे संचालकों ने रोष व्याप्त किया है। आरोप लगाया कि संचालकगणों के प्रति सभापति का व्यवहार ठीक नहीं है। उनके क्रियाकलापों से समिति को आर्थिक हानि हो रही है। इन परिस्थितियों में संचालकगण सभापति के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव व्यक्त करते हैं। सभापति में अब हमारी कोई आस्था नहीं रह गई है। समिति में कुल नौ संचालकगण हैं। जिनमें छह संचालकगण सभापति के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत कर रहे हैं। अविश्वास प्रस्ताव पत्र में किसान सेवा सहकारी समिति शेरगढ़ के सभापति भूपेंद्र सिंह के विरुद्ध नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव पारित करने हेतु आदेश पारित किए जाने की मांग की है। इस संबंध में सभापति भूपेंद्र सिंह व समिति के एमडी अरुण कुमार ने कहा कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है।