कटान से निजात दिलाने को तटबंध बनाने की मांग की
बिजनौर। हिंदू युवा वाहिनी ने बरसात में गंगा द्वारा होने वाले कटान से निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में एक ज्ञापन डीएम सुजीत कुमार को सौंपा है।
ज्ञापन में बताया कि बालावाली से बैराज तक कई गांव बसे हुए हैं। इन गांवों में बरसात में बाढ़ आने के कारण गंगा से जान माल की काफी हानि होती है। कटान के कारण गांवों के सामने अस्तित्व का खतरा पैदा हो जाता है। 2013 में केदारनाथ में आई आपदा के कारण सीमलाकलां व फतेहपुर सभाचंद गंगा में समा गए थे। गांव मानवाला, खिरनी, सैफपुर, सुक्खापुर, मार्कंडेपुरम, फतेहपुर, मिर्जापुर, सीमली, सीमला खुर्द, सीमलाकलां, कोहरपुर, मीरापुर, राजारामपुर, चाहड़वाला, वीरूवाला, रावली, ब्रह्मपुरी आदि गांव कटान से बुरी तरह प्रभावित होते हैं। शासन ने खादर में कटान से निजात दिलाने को तटबंध का निर्माण मानकों के अनुसार नहीं कराया। कटान की समस्या के समाधान के लिए कई बार कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन भी किया जा चुका है। क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए तटबंध का निर्माण कराने तथा क्षेत्र को बाढ़ग्रस्त घोषित करके आपदा प्रबंध चौकी निर्माण की मांग की गई। गांव डैबलगढ़ व रघुनाथपुर के मध्य पुल बनवाने की मांग की गई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव मलिक, अनिल कुमार, हरजेंद्र चौधरी, अक्षत चौधरी, धर्मपाल सिंह, शीशराम, मूला सिंह, जितेंद्र सिंह, आशाराम के अलावा कई गांवों के लोग भी मौजूद रहे।