हादसे में बाइक सवार की मौत
अफजलगढ़। गांव आसफाबाद चमन के पास मंगलवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में मृतक के पुत्र की ओर से अज्ञात कार चालक के विरुद्ध कोतवाली पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मृतक का शव पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। उत्तराखंड जसपुर के गांव मंडवाखेड़ा निवासी मृतक तुगंल सिंह के पुत्र संजय ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके 50 वर्षीय पिता तुंगल सिंह मुरादाबाद ठाकुरद्वारा के गांव ताराबाद नारायनपुर निवासी अपने भतीजे सुमित के साथ बाइक से किसी काम से धामपुर गए थे। जब वह वहां से देर सायं अपनी रिश्तेदारी में गांव आसफाबाद चमन आ रहे थे। गांव के नजदीक पहुंचे तो उनकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक राजीव चौहान ने तुगंल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुमित को गंभीरावस्था के चलते प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर किया गया। उधर, प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है ।