कोतवाली देहात। भाकियू की बैठक में गन्ना बकाया भुगतान समेत किसानों की अन्य मांगों को लेकर 21 जनवरी को तहसील मुख्यालय पर होने वाली तालाबंदी को सफल बनाने का आह्वान किया गया। जिलाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि चांदपुर में यूनियन की ओर से की गई किसानों की पंचायत में 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान करने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि निर्धारित समय पर गन्ना भुगतान नहीं किया गया तो 21 जनवरी को सभी तहसीलों में तालाबंदी कर दी जाएगी। बताया कि चीनी मिलों द्वारा भुगतान में कोई सुधार नहीं किया गया। इसके विरोध में 21 जनवरी को तहसील मुख्यालयों पर सरकारी कार्यालयों की तालाबंदी की जाएगी। चौधरी समरपाल की अध्यक्षता और बलजीत सिंह के संचालन में हुई बैठक में रोहित कुमार, नितिन सिरोही, आलोक चौहान, पिंटू आदि मौजूद रहे।