किसी भी हालत में नहीं कटेंगी अवैध कॉलोनियां : एसडीएम
धामपुर। एसडीएम कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि तहसील क्षेत्र के किसी भी कॉलोनाइजर को खेती की जमीन में प्लाटिंग नहीं करने दी जाएगी। जो ऐसा करने का प्रयास कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई होगी। एसडीएम ने बताया कि तहसील क्षेत्र में नगरों और गांवों में किसानों की जमीन को सस्ते दामों में खरीद कर वहां बगैर स्वीकृति के कॉलोनियां काटी जा रही हैं। विनियमित क्षेत्र की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद भी कॉलोनाइजर जवाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने विनियमित क्षेत्र के जेई स्टाफ से मीटिंग कर वास्तविक स्थिति का पता करने के बाद प्रभावी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए हैं। धामपुर में नूरपुर मार्ग पर शांतिनगर के नाम से कॉलोनी काटी जा रही है। बताया गया है कि यह जमीन विवादित है। कोर्ट के आदेश पर थाने में आरोपियों पर नामजद रिपोर्ट भी कायम है। शुगर मिल रोड पर भी कुछ लोगों द्वारा अवैध तौर खेती की जमीन में कॉलोनी के नाम पर प्लाटों को महंगे दामों में बेचा जा रहा है। रानीबाग कालोनी, मुरादाबाद मार्ग, सुहागपुर, बगदाद अंसार को जाने वाले मार्ग पर भी ऐसा ही हाल है।