नगीना। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में प्रथम स्थान पाने के लिए पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अब घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करना भी शुरू कर दिया है। शुक्रवार की रात पालिका द्वारा चलाए गए विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ भाजपा नमामि गंगे प्रकल्प के संयोजक प्रमोद चौहान, अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह, सफाई निरीक्षक धीरज राय वर्मा ने सफाई कर्मचारियों को हरी झंडी दिखाकर किया। ईओ के नेतृत्व में पालिका कर्मचारियों ने नगर के मुख्य मार्ग स्टेशन रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा की पालिका की कई टीम नगर में चेकिंग कर रही हैं। यदि कोई व्यक्ति खुले में शौच करते और सड़क पर कूड़ा डालता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सभासद सिद्दीक मुल्तानी, अशोक कुमार, मोहम्मद तालिब, नूर कमर, प्रधान लिपिक मदनपाल, लिपिक लालबहादुर वाल्मीकि, गौरव गोयल, तलत अहमद, शेख जमशेद आदि मौजूद रहे।