अमरोहा। नौगांवा सादात और अमरोहा सहित जनपद के कई नगर, गांव और कस्बों में मुहर्रम का जुलूस निकलता है। मुहर्रम में देश ही नहीं विदेशी लोग भी शिरकत करते हैं। जुलूस के दौरान खाकी का कड़ा पहरा रहेगा। वहीं हसनपुर में गणेश चतुर्थी पर जुलूस निकाला जाएगा। जुलूसों के मद्देनजर अमरोहा पहुंचे एडीएजी प्रेमप्रकाश ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त करने के निर्देश दिए। जुलूसों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की हिदायत दी। पुलिस महकमा मुहर्रम पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कोई चूक नहीं छोड़ना चाहता। इसी के चलते मंगलवार को एडीजी बरेली जोन प्रेमप्रकाश ने एसपी, सीओ और सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा रणनीति पर मंथन किया। ताजिया जुलूसों को सकुशल कर्बला तक पहुंचाने के लिए खाका खींचा। सिपाहियों को नामवार ड्यूटी आवंटित कर उनको वायरलेस सेट और कैमरों से लैस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूसों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एएसपी ब्रजेश सिंह ने बताया कि बुुधवार को नौगांवा सादात के विभिन्न हिस्सों से मुहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा। ताजियों के साथ लोग करतब करते हुए कर्बला पर जाएंगे। मुहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल जुलूस मार्ग पर 1 इंस्पेक्टर, 2 दरोगा और एक दर्जन से अधिक सिपाही तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर फोर्स बढ़ा दी जाएगी। डिडौली के पायती कलां और अमरोहा नगर में निकलने वाले मुहर्रम के जुलूस में अधिक सतर्कता बरती जाएगी। वहीं हसनपुर में गणेश चतुर्थी पर निकलने वाले जुलूस में भी खाकी का पहरा रहेगा। गणेश चतुर्थी जुलूस में सैदनगली, आदमपुर और हसनपुर पुलिस के अलावा 4 दरोगा, 4 महिला कांस्टेबल और 12 पुरूष कांस्टेबलों को लगाया गया है। जुलूसों के मद्देनजर शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखने की व्यवस्था की गई है।