बिजनौर। इजराइल में जुलाई 2019 में होने वाले इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड, फ्रांस में जुलाई 2019 में होने वाले इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड, ऑस्ट्रेलिया में मई 2019 में होने वाले एशियन फिजिक्स ओलंपियाड की चयन प्रक्रिया के लिए बिजनौर में वर्धमान कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में परीक्षा देश के 1400 केंद्रों के साथ साथ वर्धमान कॉलेज के भौतिकी विभाग में 25 नवंबर को होगी। मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 11 व 12 में अध्ययनरत अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा दिसंबर 2019 में होने इंटरनेशनल जूनियर साइंस ओलंपियाड की चयन प्रक्रिया के लिए वर्धमान कॉलेज को रजिस्ट्रेशन सेंटर बनाया गया है। परीक्षा प्रभारी ललित चौहान ने बताया कि इसमें कक्षा दस तक के अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2018 है। परीक्षा में चयन होने पर विद्यार्थियों की विदेश यात्रा का सारा खर्च परमाणु ऊर्जा विभाग भारत सरकार द्वारा उठाया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 7895675274 पर संपर्क किया जा सकता है।