मालन नदी के रपटे पर फिर से आया पानी
गजरौलाशिव/मंडावर। पहाड़ों पर बारिश से मालन नदी फिर से उफनने लगी है। बिजनौर-हरिद्वार मार्ग पर बने रपटे पर मालन का पानी आधा फीट ऊपर बह रहा है। अभी इस रपटे से निकले वाले यातायात को डायवर्ट नहीं किया गया है। पहाड़ों पर हो रही बारिश का सारा पानी नदियों के जरिये खादर क्षेत्र में ही आता है। मालन नदी बरसात के दौरान उफनने लगती है। पिछले सप्ताह में दो दिन तक मालन का पानी बिजनौर-हरिद्वार मार्ग स्थित रपटे पर तीन फीट तक चला था। तब यहां से निकलने वाले वाहनों को नजीबाबाद मार्ग पर डायवर्ट किया गया था। मंगलवार दोपहर फिर से मालन नदी उफनने लगी है। रपटे के ऊपर आधा फीट तक मालन का पानी बह रहा है। अभी इस रपटे से निकलने वाले यातायात को रोका नहीं गया है। पुलिस हर स्थिति पर नजर रख रही है। वहीं गंगा नदी का जलस्तर थोड़ा घटा है। गंगा में मंगलवार को एक लाख 31 हजार क्यूसेक पानी चल रहा है।