दलित महिला का मेडिकल करने से इंकार
नजीबाबाद। किरतपुर थाने से आई एक दलित महिला का मारपीट और एससी/एसटी एक्ट में मेडिकल के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय लाया गया था। महिला पुलिस आरक्षी ने सीओ को सूचना दी कि चिकित्साधिकारी ने महिला चिकित्सालय में मेडिकल करने से इंकार करते हुए महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर ले जाने को कहा है। महिला आरक्षी द्वारा सीओ से बातचीत करने के बाद भी जब महिला का मेडिकल नहीं हुआ तो सीओ अरुण कुमार सिंह स्वयं महिला चिकित्सालय पहुंचे। सीओ ने महिला चिकित्सक से दलित महिला का मेडिकल न करने का कारण पूछा। सीओ ने कहा कि सीएचसी समीपुर में महिला चिकित्सक तैनात नहीं हैं। उन्होंने न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में मेडिकल न करने पर महिला चिकित्सक को कार्रवाई की चेतावनी दी। सीओ के निर्देश पर महिला चिकित्सक ने दलित महिला का मेडिकल किया।